चोरी के मोबाइल और सोने के तीन जिउतिया के साथ महिला गिरफ्तार

पटना जंक्शन और ट्रेनों में यात्रियों का सामान चोरी करने वाली एक महिला को जीआरपी की टीम ने गुरुवार की शाम गिरफ्तार कर लिया। आरोपित महिला के पास से चोरी के मोबाइल, सोने के तीन जिउतिया और ब्लेड का टुकड़ा बरामद हुआ है। चोरी करने के आरोप में रेल पुलिस ने महिला को शुक्रवार को कोर्ट में प्रस्तुत किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

दरअसल, पटना जंक्शन पर होने वाली आपराधिक घटनाओं पर रोक लगाने के उद्देश्य से जीआरपी की टीम गुरुवार की शाम गश्त कर रही थी। उसी दौरान प्लेटफार्म पर एक महिला बैठी थी। पुलिस को देखते ही वह जाने लगी। रेल पुलिस ने शक के आधार पर महिला को रुकने के लिए आवाज दी। महिला घबराकर तेजी से निकले की कोशिश कर रही थी। तभी गश्ती टीम में शामिल महिला सिपाहियों ने दौड़कर आरोपित रोशनी देवी को पकड़ लिया। आरोपित उत्तरप्रदेश के चंदौली जिला अंतर्गत मुगलसराय पोखर निवासी राजेश कुमार की पत्नी बतायी जा रही है। महिला पुलिस कर्मियों ने आरोपित की तलाशी ली। उसके पास से एक झोला मिला। इसमें एक मोबाइल, लाल धागे में गुथा हुआ सोने का तीन जिउतिया, सात सौ रुपये नकद, कागज में लपेटा हुआ ब्लेड का टुकड़ा मिला। पूछताछ में आरोपित महिला ने बताया कि वह भीड़ भीड़ में यात्रियों के पर्स काटकर जेवर, रुपये और कीमती सामान की चोरी करती है। मोबाइल और जिउतिया भी चोरी का है। जीआरपी ने बरामद सामान को जब्त करने के साथ ही महिला को गिरफ्तार कर लिया।

2024-07-05T13:49:41Z dg43tfdfdgfd