दो दशक पहले नरेंद्र मोदी और राहुल को लेकर अमेरिका के गुप्त दस्तावेजों में की गई थी भविष्यवाणी, क्या वो सही निकली?

नई दिल्ली: दुनियाभर के सरकारों के सीक्रेट दस्तावेजों को हैक करके लीक करने वाले विकीलीक्स वेबसाइट के संस्थापक जूलियन असांजे बीते कुछ दिन पहले ही ब्रिटेन की जेल से रिहा हुए हैं। उन्होंने दुनिया के सबसे पावरफुल देश अमेरिका के कई सीक्रेट दस्तावेजों को लीक किया था। जिसमें अमेरिकी सरकार को 2006 और 2007 में नरेंद्र मोदी और राहुल गांधी के बारे में भेजे गए गुप्त राजनयिक दस्तावेज भी शामिल हैं। आइए जानते हैं कि उस वक्त अमेरिका नरेंद्र मोदी और राहुल गांधी के बारे में क्या सोचता था?

अमेरिकी सरकार को 2006 और 2007 में भेजे गए गुप्त राजनयिक दस्तावेज में नरेंद्र मोदी और राहुल गांधी के राजनीतिक भविष्य के बारे में भविष्यवाणियां की गई थीं। सबसे पहले 2 नवंबर, 2006 को मुंबई में अमेरिकी वाणिज्य दूतावास ने अमेरिकी सरकार को एक गुप्त दस्तावेज भेजा था। इस केबल में नरेंद्र मोदी के उदय और राष्ट्रीय राजनीति में उनकी संभावित भूमिका पर चर्चा की गई थी। हालांकि उस वक्त बहुत कम लोग ही मोदी को संभावित राष्ट्रीय नेता मानते थे। हालांकि उसके पांच महीने बाद 23 अप्रैल, 2007 को अमेरिकी कार्यालयों को एक और गोपनीय दस्तावेज मिला। इस बार राहुल गांधी पर केंद्रित था। इस गुप्त दस्तावेज में बताया गया था कि कैसे गांधी ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों के दौरान कांग्रेस की रैलियों में पाकिस्तान, बाबरी मस्जिद के विध्वंस और उत्तर प्रदेश की राजनीति के बारे में विवादास्पद बयान दिए थे। ये गोपनीय दस्तावेज मोदी और राहुल गांधी के राजनीतिक जीवन के बारे में शुरुआती संकेत देते हैं। यह वाकया से अंदाजा लगाया जा सकता है कि उस दौर में भी कैसे अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भारत के राजनीति पर बारीकी से नजर रखी जाती है।

इन गुप्त राजनयिक दस्तावेजों को साल 2010 में विकीलीक्स द्वारा लीक किया गया था। जिसमें पता चला कि राजनयिक नरेंद्र मोदी, तत्कालीन गुजरात के मुख्यमंत्री और नेहरू-गांधी परिवार के राहुल गांधी के बारे में क्या सोचते थे। जूलियन असांजे ने गुप्त दस्तावेजों को लीक करने के लिए विकीलीक्स बनाया था। जिसमें उन्होंने कई गुप्त जानकारियों को लीक किया था। बता दें कि जूलियन असांजे ने अमेरिकी सरकार द्वारा जासूसी कार्यक्रमों और गुप्त सौदों का खुलासा किया। जूलियन असांजे के उन्हीं खुलासों में नरेंद्र मोदी और राहुल गांधी पर अमेरिका भेजे गए गुप्त दस्तावेज भी शामिल थे।

नरेंद्र मोदी के लिए उस गुप्त दस्तावेज में क्या लिखा था?

गुजरात के तत्कालीन मुख्यमंत्री मोदी के बारे में गोपनीय राजनयिक केबल 2 नवंबर, 2006 को मुंबई में अमेरिकी वाणिज्य दूतावास के प्रमुख महावाणिज्यदूत माइकल एस ओवेन द्वारा भेजा गया था। गुप्त दस्तावेजों में लिखा था कि मोदी ने खुद को एक गैर-भ्रष्ट, प्रभावी प्रशासक, हिंदू बहुसंख्यकों के हितों की देखभाल करने वाले एक ईमानदार, कानून-व्यवस्था के राजनेता के रूप में सफलतापूर्वक ब्रांड किया है। मोदी की चर्चा एक ऐसे नेता के रूप में की जा रही थी जो प्रशासन के कठिन कार्यों को संभाल सकता है लेकिन कुछ चिंताएं भी थीं। उस गुप्त दस्तावेज में लिखा था कि कुछ भाजपा नेताओं का मानना है या उम्मीद है कि मतदाता मोदी की भूमिका को भूल जाएंगे या माफ कर देंगे उस वक्त तक वे उनके अन्य गुणों की सराहना करना सीख जाएंगे। गुजरात में इस बात पर अलग-अलग राय है कि मोदी राष्ट्रीय भूमिका निभाने के लिए अपने नकारात्मक बोझ को दूर कर सकते हैं या नहीं। केबल मोदी के बारे में आशावादी था। हालांकि 2002 के गोधरा दंगों के कारण उनके बारे में राय ध्रुवीकृत थी लेकिन उनके आर्थिक सुधारों के लिए उनकी सराहना की जा रही थी लेकिन कुछ चिंताएं भी थीं। विकीलीक्स द्वारा लीक किए गए एक और दस्तावेज में अमेरिकी महावाणिज्य दूत की मोदी के साथ पहली मुलाकात के बारे में चर्चा की गई थी जब से 2005 में उनका अमेरिकी वीजा रद्द कर दिया गया था।

गुप्त दस्तावेजों में की गई थी नरेंद्र मोदी की तारीफ

साल 2010 में विकीलीक्स द्वारा केबल सार्वजनिक किए जाने के बाद मोदी ने अमेरिकी महावाणिज्य दूत से अपनी मुलाकात के बारे में बताया। उन्होंने पत्रकारों को बताया कि कैसे उन्होंने अमेरिकी राजनयिक की आंखों में आंखें डालकर उनके सभी सवालों के जवाब दिए। उन्होंने यह भी कहा कि उन्होंने अमेरिका को उसके मानवाधिकार उल्लंघन के बारे में आईना दिखाया। मोदी ने इस बात की भी सराहना की कि गोपनीय केबल में उन्हें भ्रष्टाचार रहित कहा गया।गुप्त दस्तावेजों के सार्वजनिक होने पर कांग्रेस नेताओं ने भी मोदी की प्रशंसा की थी। गुजरात कांग्रेस के एक नेता ने कहा कि यह असंभव है कि उनकी पार्टी राज्य में सफलता हासिल करेगी। "राजकोट कांग्रेस पार्टी के नेता मनोहर सिंह जडेजा ने कहा कि मोदी की उपलब्धियां निर्विवाद हैं और उन्होंने स्वीकार किया कि कांग्रेस गुजरात में भाजपा के खिलाफ निकट भविष्य में कोई खास प्रगति नहीं कर पाएगी। जडेजा ने कहा कि मोदी बेहद लोकप्रिय हैं और यहां तक कि मुसलमान भी अब कुछ हद तक उनका समर्थन कर रहे हैं क्योंकि उन्हें एक ऐसे व्यक्ति के रूप में देखा जाता है जो पूरी तरह से ईमानदार है और जो अच्छा काम कर सकता है।

अमेरिका भेजी गई थी राहुल गांधी की भी जानकारी

जूलियन असांजे द्वारा लीक किए गए दस्तावेजों में राहुल गांधी के बारे में भी जानकारी थी। दरअसल 23 अप्रैल 2007 को भेजे गए एक गुप्त दस्तावेज में अमेरिकी राजनीतिक सलाहकार टेड ओसियस ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार करते समय राहुल द्वारा दिए गए विवादास्पद बयानों के बारे में जानकारी दी थी। उस गुप्त दस्तावेज में कहा गया था कि उत्तर प्रदेश (यूपी) में चल रहे चुनावों में कांग्रेस के अभियान को गति देने के लिए आयोजित रोड शो के दौरान राहुल ने पाकिस्तान, बाबरी मस्जिद के विध्वंस और यूपी की राजनीति के बारे में विवादास्पद बयान दिए हैं। जिस पर कांग्रेस के अंदरूनी सूत्रों की शिकायत है कि वह एक नौसिखिए हैं, जिनमें प्रधानमंत्री बनने के लिए आवश्यक गुण नहीं हैं। उस केबल में राहुल गांधी की अन्य कमियों पर भी चर्चा की गई है और बताया गया है कि किस तरह से उन्होंने राजनीतिक रैलियों के लिए अपने भाषणों की तैयारी में सलाह नहीं ली।

गुप्त दस्तावेज में आगे बताया गया कि 15 अप्रैल को राहुल ने उत्तर प्रदेश में एक चुनावी रैली में कहा था कि मैं उस परिवार से हूं जो कभी पीछे नहीं हटा, जो कभी अपनी बात से पीछे नहीं हटा। आप जानते हैं कि जब मेरे परिवार का कोई सदस्य कुछ करने का फैसला करता है, तो वह उसे करता है। चाहे वह स्वतंत्रता संग्राम हो, पाकिस्तान का विभाजन हो या भारत को 21वीं सदी में ले जाना हो। जिसके बाद राहुल गांधी की व्यापक आलोचना हुई और ऐतिहासिक मुद्दों पर उनकी समझ की कमी देखी गई। अगर इन गुप्त दस्तावेज को आज के दौर की राजनीति के चश्मे से देखा जाए तो पता चलता है कि नरेंद्र मोदी तीसरी बार देश के प्रधानमंत्री बन गए। ऐसे में अमेरिकी राजनयिकों ने मोदी के उदय की भविष्यवाणी तो सही बताई लेकिन राहुल के उदय की भविष्यवाणी में मात खा गए।

सभी लेटेस्ट न्यूज़, बिज़नेस न्यूज़, लोकल न्यूज़, स्पोर्ट्स न्यूज़, दैनिक राशिफ़ल और लाइफस्टाइल अपडेट्स के लिए जुड़ें नवभारत टाइम्स से. हर तरह के वीडियो और रील्स देखें TimesXP पर.

2024-07-05T15:16:59Z dg43tfdfdgfd