BANSURI SWARAJ: गृह मंत्रालय ने बांसुरी स्वराज को सौंपी बड़ी जिम्मेदारी, जानिए किस परिषद का बनाया सदस्य

Bansuri Swaraj: नई दिल्ली लोकसभा सीट से भाजपा सांसद बांसुरी स्वराज को गृह मंत्रालय ने महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। मंत्रालय ने बांसुरी स्वराज को नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (NDMC) के सदस्य के रूप में नियुक्त किया है। इसको लेकर गृह मंत्रालय की तरफ से एक नोटिफिकेशन जारी किया गया है।

गृह मंत्रालय की ओर से 3 जुलाई को यह अधिसूचना जारी की गई। जिसके बाद बुधवार को ही बांसुरी स्वराज ने एनडीएमसी सदस्य के रूप में शपथ ली। बांसुरी ने अपने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर इसकी पोस्ट भी शेयर की। दिल्ली के मुख्य सचिव नरेश कुमार ने एनडीएमसी के चेयरमैन पद की शपथ ली। साथ ही अतिरिक्त चार्ज भी ग्रहण किया।

बांसुरी ने अपने एक्स हैंडल पर फोटो के साथ लिखा, ‘आज NDMC सदस्य के रूप में शपथ ग्रहण की और एनडीएमसी परिषद की बैठक में भाग लिया। इस अवसर पर दिल्ली के मुख्य सचिव नरेश कुमार ने NDMC के चेयरमैन पद की शपथ लेकर अतिरिक्त प्रभार ग्रहण किया। इस अवसर पर वाइस चैयरमैन सतीश उपाध्याय भी उपस्थित रहे।’

नई दिल्ली नगर निगम परिषद में अब ये सदस्य हैं – अध्यक्ष और दिल्ली के मुख्य सचिव नरेश कुमार, नई दिल्ली की सांसद बांसुरी स्वराज, उपाध्यक्ष और दिल्ली भाजपा के पूर्व अध्यक्ष सतीश उपाध्याय, कुलजीत चहल, विशाखा सैलानी और गिरीश सचदेवा। आम आदमी पार्टी के दो परिषद सदस्य मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और दिल्ली कैंट के विधायक वीरेंद्र सिंह कादियान हैं। एनडीएमसी के बाकी सदस्य नौकरशाह हैं।

बांसुरी ने 2024 के लोकसभा चुनाव में नई दिल्ली सीट से आप के सोमनाथ भारती के खिलाफ चुनाव लड़ा था। स्वराज से पहले नई दिल्ली सीट भाजपा नेता मीनाक्षी लेखी के पास थी।

कौन हैं बांसुरी स्वराज?

बांसुरी स्वराज पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज की बेटी हैं। उनके पिता का नाम स्वराज कौशल है, जो पेशे से वकील हैं। स्वराज कौशल मिजोरम के पूर्व राज्यपाल भी रह चुके हैं। बांसुरी स्वराज अपने माता-पिता की इकलौती संतान हैं। उनका जन्म 3 जनवरी, 1984 को एक ब्राह्मण परिवार में हुआ।

बांसुरी स्वराज 2007 में बार काउंसिल ऑफ दिल्ली में नामांकित हुईं। पिछले कई साल से वह कानूनी पेशे में हैं और क्रिमिनल लॉयर हैं। वारविक विश्वविद्यालय से अंग्रेजी साहित्य में बी.ए. (ऑनर्स) करने के बाद उन्होंने लंदन के प्रतिष्ठित बीपीपी लॉ स्कूल में कानून की पढ़ाई की। इसके बाद उन्होंने कानून में बैरिस्टर के रूप अर्हता हासिल की। इसके बाद बांसुरी ने ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय के सेंट कैथरीन कॉलेज से मास्टर ऑफ स्टडीज की पढ़ाई पूरी की।

बांसुरी ने मीडिया का ध्यान उस समय आकर्षित किया था, जब यह खुलासा हुआ था कि सुषमा स्वराज की बेटी बांसुरी स्वराज IPL के पूर्व कमिश्नर ललित मोदी की लीगल टीम में शामिल थीं। बता दें, ललित मोदी ने एक ट्वीट कर अपनी लीगल टीम को बधाई दी थी। लीगल टीम के जिन सदस्यों के नाम का जिक्र ललित मोदी ने अपने ट्वीट में किया था, उनमें सुषमा स्वराज की बेटी बांसुरी समेत 8 वकील और शामिल थे।

2024-07-04T08:30:26Z dg43tfdfdgfd